अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nawada : सीएम नीतीश कुमार शुक्रवार को नवादा जिले के रजौली प्रखंड पहुंचे। उन्होंने करीब एक दर्जन योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे।
छात्रों से सीधी बातचीत
सीएम सुबह करीब 11 बजे रजौली इंटर स्कूल मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरे। स्कूल का निरीक्षण करते समय उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने बताया कि साइकिल योजना, पोशाक और शिक्षा प्रोत्साहन राशि से उन्हें काफी मदद मिली है। इस पर सीएम ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के विकास के लिए सरकार और भी योजनाएं लागू करने जा रही है।
स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति देख दिए निर्देश
रजौली स्वास्थ्य केंद्र में उन्होंने साफ सफाई और इलाज की व्यवस्था पर खास जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर सेवा मिले, इसमें कोई ढिलाई न हो।
रोजगार से जुड़ी योजनाओं की सराहना
सीएम फुलवरिया जलाशय पहुंचे और वहां हो रहे मछली पालन के काम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है और यह काम उसी दिशा में एक अच्छा उदाहरण है।
सोलर प्लांट जल्दी चालू करने का आदेश
नीतीश कुमार ने सोलर प्लांट का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि संयंत्र को जल्द से जल्द चालू किया जाए ताकि रजौली क्षेत्र में बिजली उत्पादन सुधर सके।
50 से ज्यादा स्टॉलों का निरीक्षण
समाज कल्याण विभाग, जीविका समूह और अन्य विभागों के 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे। सीएम ने इनके उत्पादों को देखा और उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। जीविका की महिलाओं ने कहा कि वे सरकार की हर योजना में पूरा सहयोग देने को तैयार हैं।
प्रशासन की तैयारियों से खुश दिखे सीएम
जिलाधिकारी रवि प्रकाश और मगध प्रमंडल की कमिश्नर सफीना ए एन ने सीएम को चल रही योजनाओं की जानकारी दी। प्रशासनिक तैयारी मजबूत थी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री संतुष्ट दिखे। करीब 30 मिनट के कार्यक्रम के बाद वे पटना लौट गए।
क्या बोले गांव वाले…
गांव के लोगों का कहना है कि अगर सीएम बिना पूर्व सूचना के आते तो शिक्षा और स्वास्थ्य की असल स्थिति देख पाते। उनके मुताबिक, प्रशासन की तैयार व्यवस्था देखने से जमीनी सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आती।
इसे भी पढ़ें : केसरिया दौरे पर सीएम नीतीश ने दी सख्त हिदायत… जानें क्या



