अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार सरकार अब गांवों की सड़कों और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के मूड में है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण कार्य विभाग की लंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन योजनाओं का काम अभी अधूरा है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि गांवों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति का लिया जायजा
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के जरिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और विभाग की अन्य परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति, लंबित योजनाओं और उनके पूरा होने की समयसीमा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर परियोजना पर लगातार नजर रखी जाए और तय समय के भीतर काम पूरा कराया जाए।

ग्रामीण सड़कें विकास की रीढ़, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि गांवों की सड़कें केवल आने-जाने का रास्ता नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और रोजगार जैसी सुविधाओं तक पहुंच का मजबूत आधार भी हैं। इसलिए सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी हों ताकि लोगों को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके।
जहां अटकी हैं योजनाएं, वहां तुरंत निकले समाधान
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण कार्य विभाग की लंबित योजनाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं में प्रशासनिक या तकनीकी कारणों से काम रुका हुआ है, उनकी बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए। किसी भी वजह से विकास कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करें।
हर योजना की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और काम की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे। सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण इलाकों में आधारभूत ढांचे को और मजबूत बनाया जाए और विकास का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह समेत विभाग के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें : ‘हमारे राम’ पर सीएम सम्राट बोले- श्रीराम और माता सीता का जीवन सबसे बड़ा मार्गदर्शन



