अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र का भागाबांध ओपी इलाके सोमवार की भोरे भोर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में गिरोह के दो अपराधियों को गोली लगी है, जबकि एक अपराधी का पैर टूट गया। पुलिस ने तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों में कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल शामिल हैं।
रांची और धनबाद पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि रांची एसएसपी राकेश रंजन और धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधी धनबाद में छिपे हुए हैं। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने मिलकर रणनीति बनाई और एक जॉइंट टीम तैयार की। सोमवार की सुबह टीम ने भागाबांध इलाके में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कुबेर और विक्की डोम के पैर में गोली लग गई। वहीं तीसरा आरोपी अमन अफजल मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान उसका पैर टूट गया और पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
प्रिंस खान के नाम पर मांगी जा रही थी रंगदारी
जांच में सामने आया है कि कुबेर राजधानी रांची में कई लोगों को ईमेल के जरिए प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांग रहा था। इस गिरोह की गतिविधियों को लेकर रांची पुलिस पहले से अलर्ट थी और लगातार इन अपराधियों की तलाश कर रही थी।
होटल कर्मी की हत्या का खुलासा
तीनों अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में हुए होटल कर्मी की हत्या के मामले का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के बाकी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
मुठभेड़ के बाद भागाबांध और आसपास का इलाका पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। धनबाद एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात प्रिंस खान के निशाने पर बोकारो के ये नामी व्यवसायी, मांगी रंगदारी



