अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Siwan : बिहार के सिवान जिले में रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी धर्मेंद्र यादव को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह एनकाउंटर भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मतनपुरा गांव में हुई, जहां पुलिस को धर्मेंद्र के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर विशेष जांच दल (एसआईटी) और भगवानपुर हाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही धर्मेंद्र ने भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें धर्मेंद्र के पैर में गोली लग गई।
घायल अवस्था में उसे तुरंत सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक पिस्टल बरामद की। बताया जाता है कि धर्मेंद्र यादव लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर हत्या, लूट और अन्य संगीन अपराधों के कई मामले सीवान जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी और स्थानीय पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति को दिखाती है। फिलहाल, पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और धर्मेंद्र के सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : तेजस्वी के नारे पर भड़के तेज प्रताप, समर्थकों से बोले– फालतू बात मत करो

