अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bulandshahar (UP) : बुलंदशहर में बीती देर रात करीब 1 बजे पुलिस की चेकिंग के दौरान एक इनामी गुंडे के साथ एनकाउंटर हो गया। स्वाट टीम और कोतवाली नगर पुलिस वलीपुरा नहर के पास गाड़ियों की जांच कर रही थी, तभी एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुंडा घायल
पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और घेराबंदी की। इसी बीच उसने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुंडे के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इनामी गुंडे की पहचान और आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अफरोज आलम खान के रूप में हुई है, जिस पर 20 हजार का इनाम था। वह गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर एटीएम ठगी और चोरी समेत कुल आठ मामले दर्ज हैं। बुलंदशहर में भी एटीएम से धोखाधड़ी और चोरी के चार मामलों में वह वांछित था।
मौके से बरामद सामान और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, अवैध तमंचा, जिंदा और खोखे कारतूस बरामद किए। आरोपी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : मालखाने से लाइसेंसी रिवाल्वर गायब, कोतवाली में खलबली

