अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sonbhadra (UP) : ओबरा थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार देर रात हुई इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मजदूरी के बहाने ले जाकर किया गया दुष्कर्म
पुलिस अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि 2 जनवरी की शाम पीड़िता की मां ने ओबरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी मजदूरी के लिए ग्राम भलुआ टोला में किराये के कमरे में रहती थी। उसी के साथ काम करने वाला राजगीर मिस्त्री पप्पू उर्फ बिंदू यादव अपने दो साथियों के साथ 30 दिसंबर को किशोरी को पहाड़ी पर ले गया, जहां जबरन दुष्कर्म किया गया।
मिशन शक्ति के तहत पीड़िता से संपर्क और काउंसलिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से पीड़िता और उसकी मां से तुरंत संपर्क किया। संवेदनशील बातचीत, काउंसलिंग और भरोसा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि पीड़िता को मानसिक सहयोग मिल सके।
SC ST और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज
ओबरा थाने में तहरीर के आधार पर एससी एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो अलग अलग टीमें बनाई गईं।

खदान क्षेत्र में घेराबंदी, दो आरोपी दबोचे गए
शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी बिल्ली मारकुंडी खदान क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पप्पू यादव और अर्जुन डोम को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
भागते समय फायरिंग, आरोपी घायल
तीसरा आरोपी करन डोम पुलिस को देखकर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली करन डोम के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने घायल आरोपी करन डोम के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में एनका’उंटर, इनामी शू’टर को लगी गोली

