अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : चुनाव आयोग ने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिहार की नई वोटर लिस्ट जारी कर दी है। आयोग के अनुसार अब राज्य में कुल 7 करोड़ 45 लाख से अधिक मतदाता हैं। इससे पहले राज्य में 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 वोटर थे। एसआईआर की प्रक्रिया में मृतक, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसमें करीब 65 लाख नाम हटे, जिसके बाद मतदाताओं की संख्या घटकर 7 करोड़ 24 लाख रह गई थी। विपक्ष ने इस पर सवाल उठाते हुए इसे मताधिकार से वंचित करने की साजिश करार दिया था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। अब जो अंतिम वोटर लिस्ट जारी हुई है, उसमें 21 लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। इनमें ज्यादातर युवा मतदाता शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है।
कैसे चेक करें अपना नाम
चुनाव आयोग ने बताया कि कोई भी मतदाता अब आसानी से ऑनलाइन अपना नाम देख सकता है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर मतदाता सूची चेक की जा सकती है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के आलोक में दिनांक 30.09.2025 को अंतिम निर्वाचक सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। कोई भी मतदाता दिए गए लिंक https://t.co/vn4CiWul9G के माध्यम से मतदाता सूची में अपने नाम का विवरण देख सकते हैं।https://t.co/vn4CiWul9G@ECISVEEP
— Chief Electoral Officer, Bihar (@CEOBihar) September 30, 2025
विपक्ष के आरोप
एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इसे जनता के अधिकार छीनने की कोशिश बताते हुए बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी। इंडिया गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि आयोग ने यह कदम सत्ता पक्ष को लाभ पहुंचाने के लिए उठाया।
वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का मकसद केवल पात्र मतदाताओं को सूची में बनाए रखना और छूटे हुए नाम जोड़ना था। आयोग ने स्पष्ट किया कि मृतक और डुप्लीकेट नाम हटाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए जरूरी है।
विधानसभा चुनाव की तैयारी
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव इसी नई मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएंगे। आयोग का दावा है कि मतदाता सूची अब ज्यादा साफ और सटीक है।

इसे भी पढ़ें : एक करोड़ की हथिनी का ‘रखवाले’ ने ही 27 लाख में कर दिया था सौदा, कैसे खुला राज… जानें

