अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। खासकर जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर इसका सीधा असर पड़ा है। रेलवे ने गंगा के तेज बहाव वाले इलाकों में ट्रेनों की गति कम कर दी है ताकि कोई दुर्घटना न हो।
तेज बहाव के कारण ट्रेनों की गति 30 किमी/घंटा
घोरघट, बरियारपुर लोहा पुल और ऋषिकुंड हॉल्ट के पास गंगा का पानी पुल-पुलियों को छूते हुए बह रहा है। इन जगहों पर ट्रेनों को अब सिर्फ 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है। रेलवे ने इस संबंध में कौशन लेटर जारी कर ट्रेनों को सावधानी से चलाने का निर्देश दिया है।
रेलवे कर्मचारी 24 घंटे निगरानी में
मालदा रेल मंडल के डिविजनल इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि पुल-पुलियों पर जलस्तर की निगरानी के लिए रेलवे कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
बरियारपुर पुल के पास जलस्तर खतरे के निशान के करीब
बरियारपुर स्टेशन के पास ब्रिज संख्या 195 और ऋषिकुंड हॉल्ट के पास पुलिया संख्या 198 और 198A के पास पानी का बहाव काफी तेज है। बरियारपुर लोहा पुल के पास जल मापक मीटर में जलस्तर खतरे के निशान से केवल 10 सेंटीमीटर नीचे है। यदि पानी और बढ़ा तो गाडर से टकरा सकता है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करनी पड़ सकती है।
पिछले साल भी हुआ था असर
2024 में भी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था और रेलवे को इस रेलखंड पर चार दिन तक ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी थी। इस बार भी रेलवे पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : राशिफल @ 11 अगस्त 2025… आज क्या कहता है आपका भाग्य… जानें

