अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को आवश्यक सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
रवाना होने से पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी कर्ण सत्यार्थी और एसएशपी पीयूष पांडेय ने डिस्पैच स्थल का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
समय पर पहुंचें दल, दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और सुरक्षा बलों से बातचीत कर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दल समय पर अपने केंद्रों पर पहुंचें। साथ ही निर्वाचन आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने मतदान सामग्री के वितरण, वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजाम की भी जांच की।
निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान की तैयारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी इंतजाम पूरे हैं। सत्यार्थी ने कहा कि हर मतदाता बिना किसी दबाव या भय के मतदान कर सके, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि जिले के संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए संयुक्त निगरानी
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार फील्ड में एक्टिव हैं। दोनों विभागों का लक्ष्य है कि 11 नवंबर को घाटशिला में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो। जिला प्रशासन ने दोहराया कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मर्यादा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसे भी पढ़ें : पंजाब से बिहार जा रहा 25 लाख का माल रांची में धराया… जानें

