अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में फैले बच्चों की तस्करी के नेटवर्क का किला रांची पुलिस ने ढहा दिया गया है। इस गंदे धंधे से जुड़े कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके चंगुल से करीब एक दर्जन बच्चों का रेस्क्यू किया गया। यह उम्दा कामयाबी एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश और रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में गठित SIT ने हासिल किया है।
पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि 2 जनवरी को धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार मैदान से 5 साल के अंश और 4 साल की अंशिका रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे। उनके पिता सुनील कुमार राय की शिकायत पर धुर्वा थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज की गई। इसके बाद रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई।
पूछताछ में सामने आया गिरोह का नेटवर्क
गिरफ्तार अभियुक्त नव खेरवार और सोनी कुमारी से पूछताछ के दौरान पता चला कि अपहरण के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अपहृत बच्चों को विभिन्न जिलों में छुपाकर रखता था और उन्हें भीख मंगवाने, बेचने, जिस्मफरोशी और अवैध तस्करी जैसे अपराधों में इस्तेमाल करता था। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि यह गिरोह झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बच्चों के अपहरण में शामिल रहा है।
विभिन्न जिलों से बच्चों की बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्तों के बयान के आधार पर एसआईटी ने अब तक 15 लोगों को पकड़ा है। इनके निशानदेही पर रांची के सिल्ली, रामगढ़ के कोठार और लातेहार के बारियातू से कई बच्चों को बरामद किया गया। पुलिस ने 12 बच्चों के अपहरण की पुष्टि की है। जांच में यह भी सामने आया कि दो बच्चे करीब दो साल पहले रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड से, एक बच्ची तीन साल पहले संबलपुर रेलवे स्टेशन से, पांच बच्चियां तीन साल पहले लातेहार के बारियातू से, दो बच्चियां तीन साल पहले धनबाद से, एक बच्ची तीन साल पहले लोहरदगा से और एक बच्ची एक साल पहले जगरनाथपुर, रांची से अपहृत की गई थीं। कुछ बच्चों को बिहार के औरंगाबाद और पश्चिम बंगाल में बेचने की भी जानकारी मिली है।
छापेमारी जारी, और खुलासे की संभावना
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं और अन्य बच्चों की बरामदगी भी हो सकती है। एसआईटी राज्य के विभिन्न हिस्सों और सीमावर्ती राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने अभियुक्त विरोधी खेरवार के पास से एक सफेद मारुति सुजुकी कार (निबंधन संख्या JH24L-8382) समेत अन्य सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के अपहरण या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसे भी पढ़ें : चीख-चित्कार से दहल उठा लातेहार का ओरसा घाटी, क्या हुआ… जानें



