अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saran : बिहार के सारण जिले में बीती देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। रिवीलगंज थाना क्षेत्र के इनई बगीचा इलाके में हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो गुंडों को दौड़ाकर पैर में गोली मार दी। दोनों जख्मी बदमाशों को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जख्मी अपराधियों की पहचान दहियावां निवासी रंजन यादव और धर्म बागी निवासी सोनू राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये वही गुंडे हैं, जिन्होंने बुधवार रात छपरा के मशहूर डॉक्टर सजल कुमार का अपहरण करने की कोशिश की थी। डॉक्टर कुमार हेल्थ केयर रिसर्च सेंटर चलाते हैं और साधनापुरी के रहने वाले हैं।
घटना की जानकारी देते हुए सारण एसएसपी कुमार आशीष ने बताया कि अपहरण की कोशिश में बदमाश डॉक्टर को कार में डालकर भाग रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी गाड़ी बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे के बाद गुंडे डॉक्टर को छोड़कर फरार हो गए, जिससे डॉक्टर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने हथियार छिपाने की जगह बताई, जहां पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया।
इस अपहरण कांड में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकी फरार गुंडों की तलाश में छापेमारी जारी है। एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस को सहयोग करें।
इसे भी पढ़ें : पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की इस याचिका पर फैसला आज… जानें

