अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा के घने सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। लगातार जारी एनकाउंटर में पुलिस ने एक और इनामी नक्सली को मार गिराया है। मारे गए नक्सली की पहचान खूंखार नक्सली रापा के तौर पर की गयी है। सुरक्षाबलों ने उसकी बॉडी भी जंगल से रिकवर कर ली है।
सुबह मारी गई थी महिला नक्सली
इससे पहले आज यानी शुक्रवार सुबह एक महिला नक्सली को ढेर किया गया था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
कल हुए मुठभेड़ में 2 करोड़ का इनामी अनल दा सहित 15 नक्सली ढेर
यहां याद दिला दें कि बीते गुरुवार को इसी इलाके में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भयंकर मुठभेड़ हुई थी। उस मुठभेड़ में कुल 15 नक्सली मारे गए थे, जिनमें कोल्हान और सारंडा क्षेत्र का सबसे बड़ा नक्सली चेहरा अनल उर्फ अनल दा भी शामिल था। अनल वर्षों से इस इलाके में आतंक का पर्याय बना हुआ था। अनल पर झारखंड, ओडिशा और एनआईए को मिलाकर दो करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक 2022 के बाद सुरक्षाबलों पर हुए कई बड़े हमलों, आईईडी विस्फोटों और टारगेट किलिंग की साजिशों में अनल के दस्ते की सीधी भूमिका रही है।
मारे गए नक्सलियों की पहचान
मारे गए नक्सलियों में अनल के अलावा अनमोल उर्फ सुशांत, अमित मुंडा, पिंटू लोहरा, लालजीत उर्फ लालु, राजेश मुंडा, बुलबुल अलदा, बबिता, पूर्णिमा, सुरजमुनी और जोंगा शामिल हैं। इनमें कई महिला नक्सली कैडर भी थीं, जो संगठन के भीतर अहम जिम्मेदारियां संभाल रही थीं। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सल संगठन के लिए अब तक की सबसे बड़ी रणनीतिक चोट है।
इसे भी पढ़ें : सारंडा में आज फिर एनकाउंटर, एक और महिला नक्सली ढेर

