अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : IPL 2026 के लिए मिनी नीलामी का काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज यानी 15 नवंबर को सभी 10 फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की अंतिम सूची BCCI को सौंपनी है। इसके ठीक एक महीने बाद 16 दिसंबर को अबू धाबी में मिनी नीलामी आयोजित होगी। इस बार मेगा ऑक्शन की तरह सख्त रिटेंशन सीमा नहीं है, फ्रेंचाइजी अपनी मर्जी से जितने चाहें खिलाड़ी रिटेन या रिलीज कर सकती हैं, बशर्ते 120 करोड़ रुपये के पर्स और अधिकतम 25 खिलाड़ियों की सीमा का पालन करें, जिसमें 8 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।
ट्रेड विंडो में हलचल : मुंबई सबसे सक्रिय
ट्रेड बाजार में मुंबई इंडियंस सबसे सक्रिय रही है। फ्रेंचाइजी ने लखनऊ सुपर जाएंट्स से शार्दुल ठाकुर को 2 करोड़ रुपये में और गुजरात टाइटंस से शेरफाने रदरफोर्ड को 2.6 करोड़ रुपये में ट्रेड किया है। वहीं, डेवोन कॉनवे ने सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि वे चेन्नई सुपर किंग्स से अलग हो चुके हैं, जिन्हें 6.25 करोड़ में खरीदा गया था।
अफवाहों का बाजार गर्म
अफवाहों का बाजार भी गर्म है। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का लखनऊ सुपर जाएंट्स जाना लगभग तय माना जा रहा है। चेन्नई के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करेन राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बन सकते हैं। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में जा सकते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ जुड़ सकते हैं।
ट्रेड नियम : कैश या बैलेंस पेमेंट
ट्रेड नियमों के तहत असमान मूल्य वाले खिलाड़ियों के मामले में अंतर की राशि चुकानी पड़ती है, जबकि कैश डील में एक्सचेंज फीस देकर खिलाड़ी ट्रांसफर किए जा सकते हैं। ट्रेड विंडो नीलामी से एक सप्ताह पहले बंद हो जाती है और सीजन शुरू होने से एक महीना पहले तक दोबारा खुलती है, लेकिन मिनी नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी ट्रेड नहीं हो सकते।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के 25 साल पूरे, गवर्नर और सीएम ने दी शुभकामनाएं

