अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात बदमाश को लोडेड कट्टे के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी का नाम अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली (42) है। पुलिस का कहना है कि वह मैदान के आसपास किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन सही समय पर मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसएसपी को मिली थी देर रात पुख्ता सूचना
सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एक अक्टूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को पुख्ता खबर मिली थी। सूचना में बताया गया था कि अनुप चक्रवर्ती वायरलेस मैदान के पास अवैध हथियार के साथ संदिग्ध हालत में देखा गया है और वह किसी वारदात की तैयारी में है। सूचना मिलते ही बिना देर किए डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार की अगुआई में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई और मौके पर रवाना की गई।
मैदान की घेराबंदी कर तलाशी ली तो मिला कट्टा
पुलिस टीम जैसे ही वायरलेस मैदान पहुंची, उन्होंने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे संदिग्ध को जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। जब मौके पर ही उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से लोहे का एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार जब्त करने के बाद पुलिस उसे सीधे थाने ले आई, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
हत्या, लूट और डकैती के मामलों में रहा है पुराना हाथ
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया अनुप बंगाली कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका लंबा-चौड़ा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जमशेदपुर शहर के बागबेड़ा, बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस और परसुडीह थानों के अलावा चांडिल, गम्हरिया, चाकुलिया और रेल पुलिस में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट की कई धाराएं लगी हुई हैं। पुलिस अब उससे सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि वह हथियार कहां से खरीदकर लाया था और उस रात उसका असली निशाना कौन था।
इसे भी पढ़ें : गंगा के उफान से रेल ट्रैक पर संकट, पाकुड़ में लगातार पांचवें दिन थमे पहिये



