अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : ट्राई की अक्टूबर 2025 रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि रिलायंस जियो इस समय देश की टेलीकॉम इंडस्ट्री में सबसे मजबूत स्थिति में है। कंपनी ने अक्टूबर में 19 लाख 97 हजार से ज्यादा नए ग्राहक जोड़कर बाकी सभी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। यह बढ़त एयरटेल की तुलना में करीब सवा गुना ज्यादा है। जियो का मार्केट शेयर भी बढ़कर 41.4 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
एयरटेल की धीमी लेकिन स्थिर रफ्तार
एयरटेल ने अक्टूबर में 12.52 लाख नए ग्राहक जोड़े। कंपनी की रफ्तार स्थिर है, लेकिन जियो की तेज चाल के मुकाबले यह वृद्धि कम दिखती है। फिर भी एयरटेल अपने यूज़र बेस को लगातार मजबूत बना रही है।
वोडाफोन आइडिया की मुश्किलें बढ़ीं
वोडाफोन आइडिया के लिए माह फिर कठिन रहा। कंपनी ने 20.83 लाख ग्राहक खो दिए, जिससे उसके यूज़र बेस पर बड़ा असर पड़ा है। लगातार गिरावट के कारण कंपनी की बाज़ार में स्थिति और कमजोर होती जा रही है।
बीएसएनएल और एमटीएनएल की सीमित पकड़
बीएसएनएल ने इस महीने 2.69 लाख नए ग्राहक जोड़े, लेकिन बीएसएनएल और एमटीएनएल मिलकर भी सिर्फ 7.92 प्रतिशत मार्केट शेयर संभाल पा रहे हैं। इसके मुकाबले प्राइवेट कंपनियों का कब्ज़ा 92 प्रतिशत से अधिक है।
एक्टिव यूजर और वायरलाइन में भी जियो का दबदबा
जियो ने अक्टूबर में एक्टिव यूज़र बेस में 3.9 मिलियन की वृद्धि दर्ज की, जो एयरटेल की तीन महीने की बढ़त से भी ज्यादा है। वायरलाइन में भी जियो ने चार गुना ज्यादा नेट ऐडिशन हासिल किए। जियो फाइबर की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ने कंपनी को FWA कैटेगरी में भी आगे कर दिया है।
ब्रॉडबैंड कनेक्शन में हल्की बढ़त
देशभर में ब्रॉडबैंड यूज़र्स की संख्या सितंबर के 995.63 मिलियन से बढ़कर अक्टूबर में 999.81 मिलियन पहुंच गई। यह 0.42 प्रतिशत की मासिक वृद्धि है, जिसमें जियो के वायरलाइन और वायरलेस नेटवर्क का अहम योगदान रहा।
इसे भी पढ़ें : जियो का आएगा रिकॉर्ड तोड़ IPO, 170 अरब डॉलर वैल्यूएशन होने की उम्मीद

