WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर और गढ़वा में NHAI की रेहला फोर लेन सड़क के उद्घाटन से ठीक पहले CM हेमंत सोरेन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र के जरिये CM हेमंत सोरेन ने खेद जताया है और साथ ही आग्रह भी किया है। CM हेमंत सोरेन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर 3 जुलाई को रांची और गढ़वा में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के राष्ट्र को समर्पण एवं शिलान्यास समारोह में शामिल न हो पाने पर खेद जताया। CM ने पत्र में केंद्रीय मंत्री को इस आयोजन के लिए निमंत्रण देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात होती यदि वे इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित रह पाते। लेकिन उन्होंने बताया कि उनके पिता, पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबियत खराब होने के कारण वे इस समय दिल्ली में उनकी देखरेख कर रहे हैं, इसलिए वे 3 जुलाई के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे।
उद्घाटन की तारीख आगे बढ़ाने का किया आग्रह
मुख्यमंत्री सोरेन ने गडकरी से अनुरोध किया है कि यदि संभव हो तो कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार करें, ताकि वे इसमें भाग ले सकें। पत्र के अंत में उन्होंने केंद्रीय मंत्री के सहयोग और सद्भाव के लिए आभार व्यक्त किया और “जोहार” के अभिवादन के साथ पत्र समाप्त किया। यह कार्यक्रम झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करना है।


