अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : केंद्रीय कानून मंत्रालय ने पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति पीबी बजंथरी को कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तब हुई है, जब पटना हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाया गया है। मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, जस्टिस पंचोली शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।
इस नियुक्ति के बाद पटना हाईकोर्ट में सभी न्यायिक कार्य, अधिवक्ताओं और आम जनता से संबंधित मामलों की सुनवाई अब जस्टिस पीबी बजंथरी के नेतृत्व में होगी। कोर्ट में दायर सभी मामले अब कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के नाम से दर्ज होंगे।
जस्टिस पंचोली की सुप्रीम कोर्ट नियुक्ति पर हर्ष
जस्टिस विपुल एम पंचोली की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति से न्यायिक समुदाय में खुशी की लहर है। 28 मई 1968 को अहमदाबाद में जन्मे जस्टिस पंचोली ने सेंट जेवियर कॉलेज, अहमदाबाद से इलेक्ट्रॉनिक्स में स्नातक और बाद में कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने 1991 में गुजरात हाईकोर्ट में वकालत शुरू की और लंबे समय तक सरकारी अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। विशेषज्ञों का मानना है कि जस्टिस पंचोली अक्टूबर 2031 से मई 2033 के बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी कार्यभार संभाल सकते हैं।
जस्टिस पंचोली के सम्मान में विदाई समारोह
जस्टिस पंचोली के सम्मान में गुरुवार को पटना हाईकोर्ट के शताब्दी भवन में सुबह विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता, बार काउंसिल के सदस्य और सरकारी वकील मौजूद रहेंगे। बीसीआई अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा, स्टेट बार काउंसिल अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, महाधिवक्ता पीके शाही, वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चन्द्र वर्मा और सरकारी वकील अरविन्द उज्ज्वल सहित कई कानूनी हस्तियों ने जस्टिस पंचोली को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
जस्टिस बजंथरी से हाईकोर्ट को मिलेगी मजबूती
न्यायमूर्ति पीबी बजंथरी लंबे समय से पटना हाईकोर्ट में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अपने निष्पक्ष व न्यायपूर्ण निर्णयों के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से हाईकोर्ट में न्यायिक प्रक्रिया सुचारू रूप से चलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि जस्टिस बजंथरी की कार्यशैली और अनुभव से कोर्ट को और मजबूती मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : एक साथ बदले गये 160 से ज्यादा सब इंस्पेक्टर… देखें लिस्ट

