अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची की सड़कों पर दुर्गा पूजा की रौनक अपने पूरे शबाब पर है। पंडालों की रंगीन रोशनी, भीड़-भाड़ वाले बाजार और भक्तों की उमंग चारों तरफ माहौल को खास बना रही है। लेकिन इस भीड़ और उमंग के बीच जिला प्रशासन के सामने एक बड़ी चुनौती भी है… कहीं कोई आपात स्थिति उत्पन्न न हो। इसी को देखते हुए प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कड़ी तैयारियां की हैं।
22 एम्बुलेंस, भीड़भाड़ वाले इलाकों में डॉक्टर
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार बताते हैं… “हमारी कोशिश है कि त्योहार के दौरान किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए भटकना न पड़े।” इसके लिए कुल 22 एम्बुलेंस को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें से 14 एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात की गई हैं। वहीं जहां भीड़ अधिक होती है, वहां एम्बुलेंस के साथ प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ और कई जगह डॉक्टर भी मौजूद रहेंगे।
सदर अस्पताल से लेकर प्रखंड तक सजगता
त्योहार में कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए रांची सदर अस्पताल में विशेष बेड सुरक्षित रखे गए हैं। सभी प्रखंड अस्पतालों को भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मरीज के आने पर तुरंत सुविधा मुहैया कराई जाए। यहां तक कि निजी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि समय रहते लोगों का इलाज हो सके।
डॉक्टरों की छुट्टी पर रोक
त्योहार के इस मौसम में अक्सर लोग आराम चाहते हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवा से जुड़े डॉक्टरों के लिए जिम्मेदारी पहले है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने साफ कहा… “दुर्गा पूजा के दौरान किसी डॉक्टर को छुट्टी नहीं दी जाएगी। केवल विशेष परिस्थिति में ही अनुमति होगी।”
जनता से अपील और त्योहार का संदेश
डॉ. प्रभात कुमार ने सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि लोग इस पर्व को आपसी मेल-जोल और सौहार्द के साथ मनाएं। प्रशासन की तैयारियों ने साफ कर दिया है कि इस बार रांची की सड़कों पर उमड़ने वाली भीड़ का उत्सव तो सुरक्षित होगा ही, साथ ही हर मरीज को समय पर स्वास्थ्य सुविधा भी मिल सकेगी।
इसे भी पढ़ें : पिता के बिना अधूरी दुनिया, अब मासूम बेटियों के सपने भी तोड़ रहे दम

