अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह मिलते ही सियासी मैदान पूरी तरह सज गया है। अब तक दफ्तरों और बैठकों तक सीमित रहने वाले प्रत्याशी आज से सीधे जनता के बीच उतरने लगेंगे। शहर से लेकर कस्बों तक चुनावी माहौल गरमा गया है। गली-मोहल्लों में पोस्टर, बैनर और झंडे दिखने लगेंगे, वहीं लाउडस्पीकर से नारे भी गूंजेंगे। अब हर प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुट जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचा सके।
घर-घर पहुंचने की तैयारी, हर वोट पर नजर
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब घर-घर संपर्क, नुक्कड़ सभा, रोड शो और डोर-टू-डोर प्रचार तेज हो जाएगा। मेयर और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार अपने-अपने इलाकों में समीकरण बैठाने में लगे हैं। कौन-सी गली में कितने वोट हैं, कौन-सा मोहल्ला निर्णायक साबित होगा, इसका हिसाब लगाकर ही प्रचार की रणनीति बनाई जा रही है। हर प्रत्याशी को भरोसा है कि इस बार जनता उसे ही मौका देगी।
ई-रिक्शा और ऑटो बने प्रचार का नया हथियार
इस बार बड़े वाहनों की जगह ई-रिक्शा और ऑटो को ज्यादा तरजीह दी जा रही है। वजह साफ है… ये छोटे वाहन तंग गलियों और रिहायशी इलाकों तक आसानी से पहुंच जाते हैं। कम खर्च और ज्यादा पहुंच के चलते ये प्रचार का सबसे कारगर साधन बन गए हैं। एक ई-रिक्शा या ऑटो पूरे दिन के लिए 800 से 1500 रुपए में बुक किया जा रहा है। इसी पर लाउडस्पीकर लगाकर दिनभर प्रचार किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा के बीच चुनावी शोर से बढ़ी परेशानी
इधर चुनावी प्रचार तेज हो गया है, उधर स्कूलों में बोर्ड और अन्य परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में गली-मोहल्लों में बजने वाले लाउडस्पीकर छात्रों और अभिभावकों के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं। खासतौर पर सुबह और शाम के समय, जब बच्चे पढ़ाई और रिवीजन करते हैं, उसी दौरान प्रचार का शोर चिंता बढ़ा रहा है। कई अभिभावकों ने इसे लेकर नाराजगी भी जताई है।
पंपलेट और कार्ड की छपाई में आई तेजी
चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रचार सामग्री की छपाई भी तेज हो गई है। प्रिंटिंग प्रेसों में पंपलेट, हैंडबिल और प्रचार कार्ड छपवाने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रेस संचालकों के मुताबिक पिछले 48 घंटे में ऑर्डर कई गुना बढ़ गए हैं। छोटे वार्डों से लेकर नगर निगम क्षेत्रों तक प्रत्याशी हजारों की संख्या में पंपलेट और कार्ड छपवा रहे हैं, ताकि हर घर तक अपनी पहचान पहुंचाई जा सके।
जनता के दरवाजे तक पहुंची चुनावी जंग
कुल मिलाकर, चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही नगर निकाय चुनाव की जंग अब पूरी तरह जनता के दरवाजे तक पहुंच चुकी है। हर गली, हर मोहल्ला और हर वोट की अहमियत बढ़ गई है। आने वाले दिनों में प्रचार और तेज होगा और शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक चुनावी रंग और गहराता नजर आएगा।
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रपति दौरे को लेकर हाई अलर्ट पर रांची, डीसी बोले- कोई चूक बर्दाश्त नहीं

