अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई। बाबूडीह शंकर नगर रोड नंबर एक के रहने वाले 39 वर्षीय मिथिलेश ठाकुर की लाश उनकी ही कानूभट्ठा स्थित सैलून दुकान में फंदे से लटकती हालत में मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बताया कि मिथिलेश रोज की तरह दुकान गए थे, लेकिन शनिवार देर शाम तक घर नहीं लौटे। पहले तो परिवार वालों ने सोचा कि काम ज्यादा होगा, इसलिए देर हो रही है। लेकिन रात काफी हो जाने के बाद जब उनका फोन भी ठीक से नहीं लग पाया तो घर वाले परेशान हो गए।
अंदर से बंद थी दुकान
काफी इंतजार के बाद परिवार के लोग कानूभट्ठा स्थित सैलून दुकान पहुंचे। वहां देखा कि दुकान अंदर से बंद है। आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। मिथिलेश फंदे से लटके हुए थे। यह देखते ही परिवार वालों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग भी जुट गए। तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पारिवारिक विवाद को लेकर थे तनाव में
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मिथिलेश ठाकुर पिछले कुछ समय से किसी पारिवारिक विवाद को लेकर मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। थाना पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : ससुराल आए दामाद की मिली निर्वस्त्र ला’श, कोयल नदी ने उगला खामोश राज



