अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह तय कर चुके हैं कि उनकी पार्टी कौन-कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। “मेरा होमवर्क पूरा है,” चिराग ने कहा। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि खुद के चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा जारी है। चिराग ने साफ किया कि उनकी इच्छा है कि वह बिहार से ही चुनाव लड़ें।
प्रशांत किशोर की तारीफ
चिराग ने जन सुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर की सराहना करते हुए कहा, “मुझे प्रशांत किशोर इसलिए अच्छे लगते हैं क्योंकि वे जाति की राजनीति नहीं करते।”
विपक्ष पर तीखा हमला
चिराग ने विपक्ष को “फ्रस्टेटेड” करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि “वोट चोरी” विपक्ष का नया बहाना है। उन्होंने कहा, “विपक्ष को एक विदेशी व्यक्ति पर 30 बार भरोसा है, लेकिन भारत के प्रधानमंत्री पर नहीं। चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ बताना उन्हें अच्छा लगता है।”
नीतीश कुमार की सेहत पर बयान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत पर उन्होंने कहा, “नीतीश जी पूरी तरह स्वस्थ हैं, मैं झूठ नहीं बोलता।”
एनडीए में सीट बंटवारे पर खींचतान
चिराग और बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। हाल ही में तब उनकी एनडीए से दूरी दिखी जब वे सीतामढ़ी में जानकी मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करने वाले चिराग की इस गैरमौजूदगी ने राजनीतिक अटकलें तेज कर दीं। विपक्ष ने भी इसे एनडीए में दरार का संकेत बताते हुए कहा कि चिराग को जानबूझकर किनारे किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : दिवंगत दिशोम गुरु को डॉ यूएस वर्मा ने दी श्रद्धांजलि, सीएम से मिल व्यक्त की संवेदना

