अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सरकार अब और सख्त नजर आने लगी है। सीएम सम्राट चौधरी ने साफ शब्दों में कहा है कि सड़कों और पुलों के निर्माण या उनके रख-रखाव में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सड़कें सुरक्षित, मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ हों, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में गुरुवार को पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान सीएम ने विभाग की योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और रख-रखाव कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
हर पुल की होगी नियमित जांच
बैठक में सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी पुलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुलों का समय-समय पर विशेषज्ञों से निरीक्षण कराया जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा ऑडिट भी अनिवार्य रूप से कराया जाए। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पुल और सड़कें केवल विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि लाखों लोगों की सुरक्षा भी उनसे जुड़ी होती है। इसलिए किसी भी तरह की तकनीकी लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

धन की कमी नहीं आने देने का निर्देश
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्याधीन सड़कों और पुलों के निर्माण तथा रख-रखाव के लिए धन की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। विभाग को वित्तीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करना और गुणवत्ता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि सड़कें और पुल बेहतर होंगे तो लोगों की आवाजाही आसान होगी, व्यापार को गति मिलेगी और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
फोरलेन गंगा पथ परियोजना पर विशेष जोर
बैठक में मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर फोरलेन गंगा पथ परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हाइब्रिड एन्यूटी मोड के तहत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वी बिहार की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी। सड़क बनने के बाद लोगों की यात्रा आसान होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना के काम में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में इसे पूरा किया जाए।
आर्थिक विकास में सड़क नेटवर्क की बड़ी भूमिका
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में सड़क नेटवर्क की भूमिका सबसे अहम होती है। बेहतर सड़कें निवेश को आकर्षित करती हैं, उद्योगों को बढ़ावा देती हैं और आम लोगों की जिंदगी को आसान बनाती हैं। सरकार का लक्ष्य है कि बिहार में आधुनिक और सुरक्षित सड़क अवसंरचना का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी परियोजनाओं की जानकारी
बैठक के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने विभाग की विभिन्न सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति, रख-रखाव और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
बैठक में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : गांवों की सड़कों को मिलेगा नया जीवन, सीएम सम्राट ने तय किया रोडमैप

