अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : कभी-कभी एक खबर सिर्फ खबर नहीं रहती, सिस्टम को झकझोरने का काम करती है। ऐसा ही कुछ हुआ राजधानी में, जहां ‘न्यूज संवाद’ ने तेज हवा में हिलते होर्डिंग्स और उड़ते शेड का मुद्दा उठाया, और अब उसका सीधा असर जमीन पर दिखने लगा। रांची नगर निगम ने शहर भर के जर्जर और कमजोर होर्डिंग्स को लेकर सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।
16 मार्च की घटना ने सामने ला दी असलियत
16 मार्च को आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की तैयारी की असलियत सामने ला दी। कडरू स्थित सोरोस बार के ओपन रूफ टॉप पर लगा भारी लोहे का शेड हवा में उखड़कर नीचे गिर पड़ा। सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। उस वक्त वहां भीड़ नहीं थी, इसलिए बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने साफ कर दिया कि शहर में कितनी जगहों पर खतरा खड़ा है।
‘न्यूज संवाद’ ने संभावित खतरे को लेकर किया था आगाह
घटना के बाद ‘न्यूज संवाद’ ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर सवाल उठाया था कि तेज हवा में हिलते होर्डिंग्स और उड़ते शेड क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। शीर्षक था “तेज हवा में उड़ते शेड और हिलते होर्डिंग, क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा शहर”। खबर ने न सिर्फ आम लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि प्रशासन को भी सोचने पर मजबूर किया।
निगम ने लिया संज्ञान, जारी किया आदेश
खबर के बाद अब 18 मार्च को नगर निगम ने सभी संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करते हुए साफ कहा है कि एक सप्ताह के भीतर सभी जर्जर होर्डिंग्स या तो हटा दिए जाएं या उनकी मरम्मत कराई जाए। यह निर्देश पूरे शहर के लिए लागू होगा।
इंजीनियर की रिपोर्ट अब अनिवार्य
निगम ने नियम भी साफ कर दिए हैं। अब हर होर्डिंग के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियर की रिपोर्ट देना जरूरी होगा। एजेंसियों को यह प्रमाण देना होगा कि उनका होर्डिंग सुरक्षित है और तय मानकों के अनुसार लगाया गया है।
हवा और बारिश में बनते हैं ‘खतरे के खंभे’
निगम अधिकारियों का कहना है कि आंधी और तेज हवा के दौरान यही होर्डिंग्स सबसे बड़ा खतरा बन जाते हैं। अगर समय रहते इन्हें ठीक नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लापरवाही हुई तो एजेंसी पर कार्रवाई तय
निगम ने साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी होर्डिंग के गिरने से नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। कार्रवाई झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और Advertisement Policy 2020 के तहत की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : तेज हवा में उड़ते शेड और हिलते होर्डिंग, क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा शहर




