अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के रातू रोड क्षेत्र का लंबा इंतजार खत्म होने वाला है। 3 जुलाई को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी यहां के नई एलिवेटेड कॉरिडोर और फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। पहले यह उद्घाटन 19 जून को होना था, लेकिन अब नई तारीख तय हो गई है। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने नई तारीख की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फ्लाईओवर के पिलरों पर तिरंगे रंग की लाइटिंग की जाए। यह काम शुरू हो चुका है। साथ ही, पिलरों के नीचे खाली जगहों पर पौधे और घास लगाने का काम भी अंतिम चरण में है।

रातू रोड की एक लाख आबादी को मिलेगी जाम से राहत
रातू रोड और आसपास के इलाकों की करीब एक लाख लोगों को इस फ्लाईओवर से बड़ी राहत मिलने वाली है। पहले यहां पर ट्रैफिक जाम की वजह से लोग आधे से एक घंटे तक फंसे रहते थे। लेकिन अब पिस्का मोड़ से रातू रोड, कचहरी रोड या कांके रोड तक का सफर मात्र सात मिनट में पूरा हो सकेगा।
26 महीनों में बना 3.57 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर
यह 3.57 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर नवंबर 2022 में शुरू हुआ था और जनवरी 2025 तक पूरा होना था। हालांकि कुछ तकनीकी और जमीन अधिग्रहण की वजह से चार महीने की देरी हुई। कुल मिलाकर यह प्रोजेक्ट 26 महीने में पूरा हुआ है।
इस फ्लाईओवर का निर्माण NHAI ने कराया है, जबकि केसीसी बिल्डकॉन को इसका निर्माण कार्य सौंपा गया था। इस परियोजना में करीब 400 करोड़ रुपए की लागत आई है, जिसमें जमीन खरीद और यूटिलिटी शिफ्टिंग भी शामिल है।
फ्लाईओवर की मजबूती के लिए कुल 101 पिलर बनाए गए हैं। नागा बाबा खटाल से हेहल पोस्ट ऑफिस तक 37 पिलर हैं, और पिस्का मोड़ से इटकी रोड की ओर 300 मीटर तक 14 पिलर हैं। इस पूरे ढांचे में 102 स्लैब का इस्तेमाल हुआ है। साथ ही 600 मीटर लंबा रैंप भी इस योजना का हिस्सा है।
इस भी पढ़ें : रांची की ट्रैफिक व्यवस्था अब होगी दुरुस्त, जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

