अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया। पूर्व दरवाजा मोड़ के पास कर्ज के रुपये मांगने पहुंचे एक शख्स ने तैश में आकर सामने वाले युवक पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की। इस खौफनाक वारदात में 31 साल का आशुतोष उर्फ आशू राज बुरी तरह झुलस गया। वहीं, पास ही ठेले पर मंचूरियन खरीदने पहुंचे 40 वर्षीय उदय राय भी आग की लपटों की चपेट में आकर जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
पैसे लौटाने को लेकर शुरू हुई थी तू-तू मैं-मैं
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कैमाशिकोह इलाके से जुड़ा है। यहां रहने वाले उपेंद्र ने आशुतोष को कुछ रुपये उधार दिए थे। शुक्रवार की देर रात उपेंद्र अपने पैसे वापस मांगने के लिए आशुतोष के पास पहुंचा था। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हो रही थी, लेकिन जैसे ही आशुतोष ने तुरंत पैसे लौटाने में असमर्थता जताई, बात बिगड़ गई। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि गुस्से से आगबबूला होकर उपेंद्र ने अचानक पेट्रोल निकाला और आशुतोष पर उड़ेल दिया। इसके तुरंत बाद उसने माचिस सुलगाकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया, जिससे आशुतोष आग की लपटों से घिर गया।
मंचूरियन लेने गया राहगीर भी आ गया चपेट में
जिस वक्त यह सनसनीखेज वारदात हुई, उसी दौरान कैमाशिकोह मोड़ के पास 40 साल के उदय राय एक दुकान पर मंचूरियन लेने खड़े थे। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और छिटके पेट्रोल की वजह से उदय राय भी झुलस गए। बाजार में अचानक मची भगदड़ के बीच स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाई। लोगों ने फौरन पानी और बालू डालकर आग बुझाई और दोनों घायलों को संभाला। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले आनन-फानन में पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज एनएमसीएच में चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सरेराह हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही चौक थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौक थानाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद ने खुद एनएमसीएच पहुंचकर दोनों घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके अलावा, घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए मोड़ के आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : ओडिशा की माटी से यूरोप के दिल तक : शिक्षा और सेवा के दम पर डॉ. अच्युत ने लहराया परचम



