अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : 45-घाटशिला (अ.जा.) विधानसभा उपचुनाव 2025 के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। CEO यानी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जमशेदपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव की पारदर्शिता और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मॉक ड्रिल हर हाल में कराई जानी चाहिए।
हर अधिकारी को 100 वोट की मॉक ड्रिल करनी होगी
निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी पीठासीन पदाधिकारी अपने प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया की मॉक ड्रिल करेंगे, जिसमें कम से कम 100 वोट डालकर वीवीपैट स्लिप्स का मिलान किया जाएगा। इससे मतदान प्रणाली की सटीकता और पारदर्शिता की पुष्टि होगी।
वीडियो टेस्टीमोनियल और प्रमाण पत्र अनिवार्य किए गए
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला प्रशासन से कहा है कि प्रत्येक पीठासीन पदाधिकारी से मॉक ड्रिल प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए। साथ ही कम से कम 50 पीठासीन पदाधिकारियों के वीडियो टेस्टीमोनियल तैयार कर जिला निर्वाचन अधिकारी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइट पर साझा किए जाएं।
जनविश्वास बढ़ाने की पहल
के रवि कुमार ने कहा कि यह कदम न केवल मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगा, बल्कि मतदाताओं के बीच चुनाव आयोग की निष्पक्षता और भरोसे को भी मजबूत करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलों को मॉक ड्रिल का प्रतिवेदन समय पर भेजना चाहिए ताकि आयोग इसे प्रचारित कर सके।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में बेवा के घर का ताला तोड़ किया कांड, पांच को पुलिस ने दबोचा

