अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ नगर पालिका आम निर्वाचन की मतगणना रामगढ़ कॉलेज के कंट्रोल हॉल में जिला प्रशासन की निगरानी में जारी है। सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर हर राउंड की गिनती पर टिकी हुई है। जैसे जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ रही है, वैसे वैसे माहौल भी गर्म होता जा रहा है।
अध्यक्ष पद पर नौ महिलाओं के बीच मुकाबला
इस बार अध्यक्ष पद आदिवासी महिला के लिए अनारक्षित है। कुल 9 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं और सभी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। हर राउंड के बाद आंकड़े बदल रहे हैं और समर्थकों की धड़कनें भी उसी हिसाब से तेज हो रही हैं। शाम 7 बजे तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुसुमलता कुमारी 12537 वोट के साथ सबसे आगे चल रही हैं। उन्हें कांग्रेस का समर्थन हासिल है। दूसरे नंबर पर प्रिया कुमारी हैं, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है। अब तक उन्हें 8943 वोट मिले हैं। इसके अलावा रेणु देवी को 6566, अनिता कुमारी को 5663, सुरपति देवी को 4540, अर्पण कुमारी को 3509, रेणु कुमारी को 2725, उमा कुमारी को 1327 और पूजा देवी को 1062 वोट मिले हैं। अब तक के रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि मुकाबला मुख्य रूप से कुसुमलता और प्रिया के बीच सिमट गया है, हालांकि अंतिम नतीजे आने में अभी कुछ घंटे बाकी हैं।
वार्डों में भी तस्वीर साफ होने लगी
अध्यक्ष पद के साथ साथ वार्डों की गिनती भी चल रही है। कई वार्डों में विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। वार्ड नंबर 1 से विशेश्वर कुमार बेदिया, वार्ड 2 से मुंशी मांझी, वार्ड 3 से जयनारायण साव, वार्ड 4 से अरुण कुमार कुशवाहा, वार्ड 5 से पवन कुमार यादव, वार्ड 6 से संदीप कुमार, वार्ड 7 से अविनाश उपाध्याय, वार्ड 8 से राहुल कुमार, वार्ड 9 से बुलु देवी और वार्ड 10 से लक्ष्मी देवी ने जीत दर्ज की है। इसी तरह वार्ड 11 से फरहद अनिश, वार्ड 12 से ललिता देवी, वार्ड 13 से रंजीत कुमार, वार्ड 14 से सुषमा देवी, वार्ड 15 से नीरज कुमार पासवान, वार्ड 22 से रेणु कुमारी और वार्ड 24 से प्रतिभा शरण विजयी घोषित किए गए हैं।
अगले कुछ घंटे अहम
प्रशासन का कहना है कि अगले 3 से 4 घंटे में सभी सीटों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। फिलहाल कंट्रोल हॉल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है और हर नए अपडेट पर तालियां और नारों की आवाज गूंज रही है। अब सबकी नजर अंतिम घोषणा पर है कि रामगढ़ नगर पालिका की कमान आखिर किसके हाथ में जाएगी।
इसे भी पढ़ें : DC-SP की देखरेख में पाकुड़ को मिली नई नगर सरकार, 12 मार्च को ताजपोशी

