अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के एसपी मुकेश लुनायत ने बरलंगा थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के सभी रजिस्टरों और फाइलों को बारीकी से खंगाला। कामकाज का जायजा लेने के बाद उन्होंने मौजूद पुलिस अफसरों को दो टूक कहा कि जनता की सुरक्षा में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इलाके में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने और पेंडिंग मामलों को तेजी से निपटाने के सख्त निर्देश दिए।
फाइलों में दबे मामलों को जल्द निपटाएं
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबे समय से लटके मामलों पर अफसरों की क्लास ली। उन्होंने कहा कि पुराने केस, कोर्ट से जारी वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की तामील में देरी नहीं होनी चाहिए। जांच अधिकारी हर केस की नियमित समीक्षा करें और फाइलों को लटकाने के बजाय तेजी से कोर्ट में चार्जशीट पेश करें।

फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने का फरमान
एसपी ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ तेज करने का आदेश दिया। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट कहा कि कोर्ट से फरार चल रहे दागी चेहरों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाएं। जो अपराधी इलाके में कानून के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उन पर सख्ती से नकेल कसी जाए ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
बैंक और एटीएम के आसपास गश्ती बढ़ाने के निर्देश
क्षेत्र में चोरी और छिनतई जैसी वारदातों को रोकने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि बैंक, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास दिन-रात निगरानी रखी जाए। चौक-चौराहों और सुनसान जगहों पर अड्डाबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें और संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ करें।
करमा पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
आने वाले करमा पर्व को लेकर भी एसपी ने पुलिस टीम को अलर्ट मोड पर रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान इलाके में शांति और आपसी भाईचारा बना रहे, इसके लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर लिए जाएं। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
इसे भी पढ़ें : SDPO आवास में दिखा फन फैलाये फुफकार मारता जहरीला कोबरा, फिर… देखें वीडियो

