अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रातू थाना क्षेत्र में बीती शाम हुए हत्याकांड में पुलिस ने चंद घंटों को भीतर छह संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो शूटर और चार साजिशकर्ता शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में मास्टरमाइंड कुणाल कुमार के अलावा बबलू गोप, लालमोहन कुमार, इमरोज अंसारी, श्रीचंद प्रजापति और विजय महतो शामिल है। इमरोज अंसारी मांडर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बाकी के लोग बुड़मू थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाके में रहते हैं।
यहां याद दिला दें कि बीते सात सितंबर की शाम हजारीबाग के केरेडारी निवासी रवि साहू उर्फ रवि कुमार की रातू थाना क्षेत्र के झखरा टांड गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में जमीन कारोबारी राजबल्लभ गोप भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार शाम रवि साहू और राजबल्लभ गोप अपने कुछ साथियों के साथ झखरा टांड गांव में बैठकर शराब पी रहे थे। तभी बाइक पर सवार अपराधी पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजबल्लभ गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से लगातार पूछताछ कर रही है। हत्या की असली वजह बहुत जल्द सामने आने की उम्मीद है। SSP ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की तह तक जाकर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : भूख और बेबसी में बिका जिगर का टुकड़ा, सीएम ने लौटाया ‘गोद’

