अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamui : जमुई के झाझा में रविवार को CM सम्राट चौधरी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर CM ने लौह पुरुष को नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और देश की एकता व अखंडता के लिए उनका समर्पण हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि देश को एकजुट करने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा था और अपने मजबूत फैसलों के जरिए देश को एक नई दिशा दी।
CM ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की राह दिखाते हैं। उनकी सोच केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि आज भी देश और समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की विचारधारा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

झाझा से खास लगाव, बिहार को आगे ले जाने पर जोर
CM सम्राट चौधरी ने कहा कि झाझा की धरती से उनका विशेष लगाव रहा है। यहां के लोगों का हमेशा स्नेह और प्यार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और पूर्व CM नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार की कल्पना की है। बिहार सरकार इन दोनों लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए अलग-अलग इलाकों में उद्योग लगाने का काम शुरू हो चुका है। सरकार की कोशिश है कि बिहार में उद्योग बढ़ें और लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
CM ने कहा कि बिहार में केवल उद्योग लगाने पर ही ध्यान नहीं दिया जा रहा है, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। सड़क, परिवहन और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं को बेहतर करने पर सरकार का विशेष जोर है।
100 से ज्यादा नए बस स्टैंड बनेंगे
CM ने कहा कि राज्य में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 100 से ज्यादा नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। इससे आम लोगों को बस पकड़ने और दूसरे शहरों या जिलों तक आने-जाने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था किसी भी राज्य के विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है। इसी सोच के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। आने वाले समय में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर रहेगा।

जिला अस्पतालों में 36 तरह के ऑपरेशन, बेवजह रेफर करने पर कार्रवाई
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर CM ने कहा कि जिला अस्पतालों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। फिलहाल जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार चाहती है कि मरीजों को अपने जिले में ही ज्यादा से ज्यादा इलाज मिल सके।
CM ने चिकित्सकों को लेकर सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई डॉक्टर बिना उचित कारण मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर करता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। नियमों के अनुसार ऐसे चिकित्सकों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यह भी जरूरी है कि मरीजों को उनका लाभ मिले।
CM ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि बिहार के लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। जिला अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री निशांत और परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया। इस दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह जमुई के प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रामानंद मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में CM के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल समेत कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसे भी पढ़ें : पुण्यतिथि पर याद किये गये वाजपेयी, CM सम्राट ने किया नमन













