अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhagalpur : “श्रावणी मेला सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की पहचान है। अब इसे दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।” इसी संदेश के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट से श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद उन्होंने एक के बाद एक कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मेले की व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि सुल्तानगंज और पूरे अंग क्षेत्र की तस्वीर बदलना है।
सुल्तानगंज में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मरीन ड्राइव भी होगा तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके साथ ही भागलपुर से मुंगेर तक करीब 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजगैबीनाथ मंदिर से अगुवानी घाट तक रोप-वे भी बनाया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी।

गंगा पुल और फोरलेन सड़क का इंतजार जल्द होगा खत्म
सीएम सम्राट चौधरी ने लंबे समय से चर्चा में रहे अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल को लेकर भी बड़ा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2027 से पहले हर हाल में पुल बनकर तैयार हो जाएगा। साथ ही सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क का निर्माण बरसात खत्म होते ही तेज गति से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि नई सुल्तानगंज-देवघर रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से कहीं आसान होगी।
अजगैबीनाथ धाम को मिलेगा नया स्वरूप
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार की योजना अजगैबीनाथ धाम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करने की है। गंगा के दोनों किनारों पर आधुनिक घाट बनाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा डॉल्फिन पर्यटन, गंगा पार्क और रोप-वे जैसी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जाएगा। उनका कहना था कि इससे धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लॉन्च हुआ श्रावणी मेला ऐप
सीएम सम्राट चौधरी ने श्रावणी मेला ऐप का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अब श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़ी हर जरूरी जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, विश्राम स्थल और आपातकालीन सहायता जैसी जानकारियां ऐप के जरिए आसानी से उपलब्ध होंगी। सरकार का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी यात्रा सुरक्षित व सुविधाजनक बने।

सरकार का लक्ष्य, पांच साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार
सीएम सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में विकास और रोजगार को भी प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जिन 211 प्रखंडों में पहले डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां अब कॉलेज खोले जा चुके हैं। वहीं 551 मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां छात्रों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन शिक्षकों की मदद से कराई जा रही है।
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और नए टाउनशिप से बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नाथनगर में विक्रमशिला टाउनशिप और बरियारपुर-मुंगेर क्षेत्र में अंग टाउनशिप विकसित की जाएगी। गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित होंगे, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
“श्रावणी मेला दुनिया में सामाजिक समरसता की मिसाल”
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला दुनिया का सबसे बड़ा आस्था पर्व है। करोड़ों श्रद्धालु एक जैसी वेशभूषा में “बोल बम” का जयघोष करते हुए सुल्तानगंज से देवघर तक पैदल यात्रा करते हैं। यह सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी अनोखा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार का हर विभाग श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा है और स्थानीय लोग भी पूरे समर्पण के साथ कांवरियों की मदद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज स्थित कांवरिया पथ पर बने सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पेयजल, सुरक्षा, विश्राम और साफ-सफाई सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरे मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान श्रावणी मेले की तैयारियों पर आधारित वृत्तचित्र भी दिखाया गया। पर्यटन विभाग की पुस्तिका का लोकार्पण किया गया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : CM सम्राट की अफसरों को दो टूक- काम में नहीं चलेंगे बहाने, समय पर पूरा करें हर प्रोजेक्ट

