अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur : पाकुड़ जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश के बाद पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी स्कूलों के लिए नया समय सारणी जारी कर दिया है। यह आदेश सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालय सहित) और निजी स्कूलों पर लागू होगा। नया समय 21 अप्रैल 2026 से लागू रहेगा।
KG से 8वीं तक की पढ़ाई 11:30 बजे खत्म होगी
जारी आदेश के मुताबिक अब KG से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह जल्दी शुरू होंगी और सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। इससे छोटे बच्चों को दोपहर की तेज धूप और गर्मी में स्कूल आने-जाने से राहत मिलेगी।
9वीं से 12वीं तक की क्लास 12 बजे तक चलेगी
वहीं कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के छात्रों के लिए भी समय तय कर दिया गया है। अब इनकी कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी। प्रशासन का मानना है कि बढ़ते तापमान के कारण छात्रों की तबीयत बिगड़ने की संभावना रहती है, ऐसे में समय में बदलाव जरूरी था।
शिक्षक और कर्मचारी 1 बजे तक स्कूल में रहेंगे
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान उन्हें गैर शैक्षणिक काम जैसे रजिस्टर अपडेट करना, रिपोर्ट तैयार करना और विभागीय कार्यों का निष्पादन करना होगा।
क्यों लिया गया फैसला
जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर में तेज गर्मी और लू चलने की स्थिति बन रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों का समय पहले कर दिया गया है।
आदेश सभी स्कूलों पर लागू
यह निर्देश जिले के सरकारी विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय, गैर सहायता प्राप्त विद्यालय, अल्पसंख्यक विद्यालय और निजी विद्यालय सभी पर लागू होगा।
इसे भी पढ़ें : कमान संभालते ही SDPO राघवेंद्र बोले- अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं



