अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में चोरी, छिनतई, लूट और डकैती की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी ने सभी थानेदारों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। आदेश दिया गया था कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ दयानंद आजाद ने शहरी क्षेत्र में देर रात औचक निरीक्षण किया। गश्ती के दौरान कई इलाकों में कोई भी पुलिस अधिकारी या जवान तैनात नहीं मिला।
टाउन आउटपोस्ट में सोते मिले पुलिसकर्मी
जांच के दौरान एसडीपीओ शिव शीतला मंदिर स्थित टाउन आउटपोस्ट पहुंचे। वहां जमादार मुद्रिका प्रसाद और हवलदार वीरबहादुर साह अपने बिस्तर पर सोते पाए गए।
नगर थाना की गश्ती टीम भी लापरवाह
इसके बाद नगर थाना की गश्ती टीम की तलाश की गई। कुछ जवान आग तापते मिले तो कुछ गश्ती वाहन में सोते हुए दिखाई दिए। एसडीपीओ ने उन्हें पूरे क्षेत्र में सक्रिय गश्ती करने का निर्देश देकर वहां से प्रस्थान किया।
दोबारा जांच में वही हालात
कुछ देर बाद जब एसडीपीओ दोबारा उसी क्षेत्र में पहुंचे तो गश्ती दल फिर उसी जगह पर निष्क्रिय मिला। इसके बाद पूरी घटना की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई।
एसपी की त्वरित कार्रवाई, छह निलंबित
रिपोर्ट के आधार पर एसपी निधि द्विवेदी ने तत्काल प्रभाव से टाउन आउटपोस्ट के सहायक एसआई मुद्रिका प्रसाद, हवलदार वीरबहादुर साह और नगर थाना के एएसआई विपिन कुमार, हवलदार सुखदेव मंडल, जवान तारनी महतो और निसार अहमद को निलंबित कर दिया।
पहले से दी गई थी चेतावनी
एसपी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि ड्यूटी में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने आदेशों की अनदेखी की, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ बोले…
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि पुलिस कप्तान के आदेशों का पालन नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट भेजी गई थी, जिस पर यह कार्रवाई हुई है।
इसे भी पढ़ें : ओपी से चेकपोस्ट तक एसपी निधि का दौरा, हर कमजोरी पर सीधी चेतावनी

