अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद अखिलेश यादव मंगलवार को झारखंड के रामगढ़ जिला के गोला अंचल अंतर्गत नेमरा गांव पहुंचे। उन्होंने यहां दिवंगत शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री तथा स्वर्गीय शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उनको सांत्वना दी। अखिलेश यादव ने इस मौके पर शिबू सोरेन को आदिवासियों का बड़े नेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्षों और मजबूत विचारधारा से जुड़ा रहा। शिबू सोरेन का संघर्ष और विचारधारा उनके बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विरासत में मिली है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना जीवन का एक-एक पल आदिवासी, दलित, शोषित, पीड़ित एवं वंचित समुदायों के कल्याण में लगा दिया। गुरुजी के जीवन से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी भले ही आज हम सभी के बीच नहीं है। लेकिन उनका संघर्ष, आदर्श एवं व्यक्तित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। गुरुजी एक प्रभावशाली जननेता के रूप में युग-युग तक याद किए जाएंगे, जिन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने विश्वास जताया कि हेमंत सोरेन इस विरासत को आगे लेकर जाएंगे और झारखंड के विकास के लिए काम करते रहेंगे।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा में आंदोलन की एक लंबी लड़ाई चल रही है, जो आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जरूरी है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम जनता परेशान है और उनकी पार्टी इसके खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।

इसे भी पढ़ें : नेमरा में CM के घर के पास एक हेलीपैड तैयार, तीन पर चल रहा काम

