अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में क्राइम कंट्रोल को लेकर पुलिस अब रक्षात्मक नहीं, आक्रामक मोड में नजर आ रही है। नवीन पुलिस केंद्र में आयोजित क्राइम मीटिंग में SSP राकेश रंजन ने जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा, अवैध खनन, तस्करी और जमानत पर बाहर अपराधियों को लेकर पुलिस ने फुल एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। वहीं, एसएसपी ने अपराधियों की कमर की रीढ़ तोड़ देने की खुली छूट तमाम थानेदारों को दे दी है।
जमानत पर बाहर अपराधी सीधे रडार पर
एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और सांप्रदायिक मामलों में आरोप पत्रित ऐसे अपराधी जो जमानत पर बाहर हैं, अब पुलिस के सीधे रडार पर रहेंगे। एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया कि ऐसे अपराधियों की सूची बनाकर उनका सत्यापन किया जाए और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध हरकत पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।

महिला और बच्चों की सुरक्षा में कोई ढील नहीं
मीटिंग में महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्देश दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों में नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध लोगों की जांच और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया।
अवैध खनन और पशु तस्करी पर सख्त कार्रवाई
बालू, कोयला, गिट्टी और पत्थर के अवैध परिवहन को पूरी तरह रोकने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही प्रतिबंधित पशु तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस को स्पष्ट कहा गया कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नशा कारोबार पर बड़े स्तर पर छापेमारी
ब्राउन शुगर, गांजा, चरस और अफीम जैसे मादक पदार्थों के सेवन और कारोबार पर बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। एसएसपी ने विशेष छापेमारी अभियान चलाने, नेटवर्क तोड़ने और लगातार गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रात की सड़कों पर अफसर खुद उतरेंगे
रात्रि गश्ती को लेकर सख्त आदेश जारी किए गए हैं। सभी थानेदार और डीएसपी खुद सड़क पर उतरकर गहन चेकिंग अभियान चलाएंगे। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रात के समय अपराधियों को किसी भी हाल में खुली छूट न मिले।
लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन
जिले के पुराने और लंबित मामलों को लेकर भी SSP ने कड़ा रुख अपनाया। सभी संबंधित अधिकारियों को शेष अनुसंधान जल्द पूरा कर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
सरस्वती पूजा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
आगामी सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। रूट चार्ट तैयार करने, शांति समिति की बैठक आयोजित करने और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना प्रभारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
थाने में शिकायत पर तुरंत सुनवाई
एसएसपी ने दो टूक कहा कि थाने में आने वाले किसी भी नागरिक को नजरअंदाज नहीं किया जाए। आम जनता की शिकायतें प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाएं और उनका विधिवत समाधान किया जाए।
इसे भी पढ़ें : दो लोगों के लफड़े में तीसरे को लगी गोली, फिर… देखें वीडियो

