अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आज भी मौसम सख्त रहने की संभावना है। सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिनभर ठंडी हवाओं के कारण कनकनी महसूस होगी। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते राज्य शीतलहर की चपेट में है।
राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। शनिवार को लोहरदगा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। रांची में तापमान 7.8 डिग्री और कांके में 7.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का यह असर अभी बना रहेगा और फिलहाल लोगों को राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। लोहरदगा, गुमला, डालटनगंज, रांची, खूंटी और हजारीबाग में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
भीषण ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। गिरिडीह और कोडरमा में ठंड से दो लोगों की मौत की खबर है। ठंड के कारण गरीब, बुजुर्ग और बेघर लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। जगह-जगह अलाव जलाने और गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के 16 जिलों में कड़ाके की ठंड की चेतावनी जारी की है। इसके तहत ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित किया गया है। 23 दिसंबर को रांची समेत कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ठंडी और नम हवाओं के टकराने से सुबह और शाम घना कोहरा बन रहा है, जिससे दृश्यता कम हो रही है। इसका असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है। विभाग ने बताया है कि 27 दिसंबर तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
इसे भी पढ़ें : नन्हे हाथों में बड़े सपने… ‘TPI’ में दिखी मेहनत, हुनर और उम्मीद

