अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Khagaria : बिहार के खगड़िया जिले में निगरानी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अलौली अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। टीम ने उसे हेलना पुल के पास 20 हजार रुपए की घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा।जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के गुड्डू कुमार ने अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया था। लेकिन राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह ने उनका आवेदन रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद उसने काम कराने के लिए शुरुआत में एक लाख रुपए की मांग की। काफी बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपए में तय हुआ।
शिकायत के बाद निगरानी ने बिछाया जाल
भ्रष्टाचार से परेशान होकर गुड्डू कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से कर दी। विभाग ने जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए, जिनमें कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने उसे पकड़ने की योजना बनाई। पहले तय हुआ था कि पैसा महिला थाना खगड़िया के बगल स्थित चाय की दुकान पर लिया जाएगा। लेकिन बाद में जगह बदलकर खगड़िया से छेमा गांव जाने वाली सड़क पर हेलना पुल के पास तय की गई।
नोट गिर गए, मौके पर ही जब्त किए गए
जैसे ही सुरेंद्र सिंह ने परिवादी से 20 हजार रुपए लिए, निगरानी विभाग की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जल्दबाजी में उसके हाथ से कुछ नोट नीचे भी गिर गए थे। टीम ने उन्हें भी मौके से जब्त कर लिया।
डीएसपी ने दी जानकारी
निगरानी विभाग के डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया- “हमारी टीम ने राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह को हेलना पुल के पास से ₹20,000 की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। उसे पटना ले जाया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इसे भी पढ़ें : नेपाल के रास्ते बिहार घुसे पाकिस्तान के तीन आतंकी! पुलिस अलर्ट

