अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी के धुर्वा इलाके से लापता हुए भाई और बहन का अबतक कोई सुराग नहीं मिलने के चलते लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। बच्चों की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने शहीद मैदान के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग और बच्चों के परिजन शामिल हुए। सभी का कहना था कि बच्चों को खोजने में तेजी लाई जाए।
एसएसपी और ग्रामीण एसपी पहुंचे मुहल्ले में
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर लापता बच्चों के मुहल्ले में पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर बच्चों के लापता होने से जुड़ी पूरी जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।

कई पुलिस टीमें गठित, दूसरे शहरों में भी तलाश
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों को अलग-अलग संभावित शहरों और इलाकों में भेजा गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
एसएसपी ने परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और बच्चों को जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। किसी भी नई सूचना के आधार पर कार्रवाई तेज की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : जमीन के लफड़े में चली थी गोलियां, 7 संदेही पुलिस के शिकंजे में

