अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ में दुर्गा पूजा का रंग चढ़ने लगा है। पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं सज रही हैं, सड़कों पर रोशनी की कतारें जगमगा रही हैं और श्रद्धालु उत्साह से लबरेज हैं। लेकिन इस उमंग और भीड़भाड़ के बीच सुरक्षा की चुनौती भी उतनी ही बड़ी है। इस चुनौती को पूरा करने के लिए जिले की कमान संभाली है पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी ने।
परेड ग्राउंड में एसपी का संदेश
पुलिस केंद्र के परेड ग्राउंड में एसपी निधि द्विवेदी ने जवानों, होमगार्ड, चौकीदारों और पदाधिकारियों को विशेष ब्रीफिंग दी। उन्होंने साफ कहा कि त्योहारों में सुरक्षा और सुविधा दोनों साथ-साथ चलनी चाहिए। पूजा पंडालों, दुर्गा मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर तैनात हर पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाए।
महिलाओं और बच्चों के लिए संवेदनशीलता जरूरी
ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने विशेष तौर पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पूजा में आएं तो उन्हें भरोसा और सुरक्षा का एहसास होना चाहिए। ड्यूटी पर मौजूद जवान न केवल सतर्क प्रहरी बनें, बल्कि जरूरत पड़ने पर सहयोगी साथी की भूमिका भी निभाएं।
पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने दुर्गा पूजा पर सुरक्षा ड्यूटी को लेकर जवानों और अधिकारियों को ब्रीफिंग दी। पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस को संसाधनों से लैस मोटरसाइकिल भी सौंपे गए। pic.twitter.com/EHUvMY1HDM
— News Samvad (@newssamvaad) September 27, 2025
संवाद और सजगता से मिलेगी सफलता
त्योहारों के दौरान पूजा समिति और पुलिस के बीच संवाद की अहम भूमिका होती है। एसपी ने जवानों को निर्देश दिया कि वे समितियों के साथ लगातार संपर्क में रहें। किसी तरह की गड़बड़ी या अनहोनी की स्थिति में सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारियों तक पहुंचे।
थानों को मिली नई ताकत
त्योहार की सुरक्षा को देखते हुए एसपी ने जिले के सभी थानों और आउटपोस्ट को संसाधनों से लैस मोटरसाइकिलें भी सौंपीं। इन गाड़ियों से गश्त तेज होगी और ग्रामीण व शहरी इलाकों में अपराध नियंत्रण में भी मजबूती आएगी।
जनता का भरोसा सबसे बड़ी उपलब्धि
एसपी निधि द्विवेदी का संदेश साफ है… पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की रखवाली न करे, बल्कि जनता का विश्वास भी जीते। त्योहार पर लोग जब निश्चिंत होकर पूजा का आनंद उठाएं, तभी पुलिस की मेहनत सार्थक होगी।
इसे भी पढ़ें : ईशाकपुर में गंदा धंधा बेनकाब, पुलिस ने एक को दबोचा

