अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : क्रिकेट की दुनिया में 14 साल की उम्र में कदम रखने वाले बिहार के वैभव सूर्यवंशी को आज यानी शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। उन्हें उनकी उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी मिला है। इस अवसर पर वैभव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे। सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने आशा जताई कि वैभव जैसी प्रतिभाशाली युवा आगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम के लिए 36 गेंदों में शतक जड़ा और लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इस मैच में उन्होंने 84 गेंदों में 190 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे। वैभव ने यूथ वनडे में भी UAE के खिलाफ 14 छक्के लगाकर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 95 गेंदों में 171 रन बनाकर यूथ वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा और टीम के लिए सबसे बड़ा स्कोर 433 रन बनाने में मदद की।
वैभव सूर्यवंशी बिहार के उप-कप्तान भी हैं और उन्होंने IPL, टी-20 और मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में शतक या अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वैभव का क्रिकेट सफर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी की मेहनत और समर्थन के बिना संभव नहीं था। पिता ने वैभव की ट्रेनिंग के लिए अपनी जमीन तक बेच दी। 7 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू करने वाले वैभव ने समस्तीपुर और पटना की क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण लिया और लगातार मेहनत करते हुए आज यह मुकाम हासिल किया।
वैभव अपने खेल को लेकर बेहद समर्पित हैं। उनके कोच प्रमोद कुमार के अनुसार, वह शांत स्वभाव के हैं और सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करते हैं। उनका सपना भारतीय सीनियर टीम में खेलकर देश का नाम रोशन करना है।
इसे भी पढ़ें : 28 से 30 तक बदला रहेगा राजधानी का ट्रैफिक सिस्टम… जानें क्यों



