अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma : कोडरमा जिले में ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां शातिर बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग को निशाना बनाया। घटना तिलैया थाना क्षेत्र के बीएसएनल एक्सचेंज ऑफिस के पास की है। सोमवार को दो युवकों ने सिविल ड्रेस में खुद को पुलिस बताया और बातों में उलझाकर करीब 10 ग्राम की सोने की अंगूठी ठग ली।
टैक्स जमा कर लौट रहे थे घर
पीड़ित बद्रीनारायण प्रसाद ने बताया कि वे सोमवार को झुमरीतिलैया नगर परिषद कार्यालय अपने मकान का होल्डिंग टैक्स जमा करने गए थे। काम खत्म कर वे घर लौट रहे थे। घर से थोड़ी ही दूरी पर, रांची पटना मुख्य मार्ग से जैसे ही अपने मोहल्ले की ओर मुड़े, वहां मोड़ पर दो युवक खड़े मिले। दोनों सिविल ड्रेस में थे और कमर में पिस्टल लटका रखी थी। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और बातचीत शुरू कर दी।
ठगों ने बनाया डर का माहौल
युवकों ने बुजुर्ग से कहा कि इन दिनों इलाके में ठग सक्रिय हैं और लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सोने के गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। इसी दौरान उन्होंने बद्रीनारायण प्रसाद की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी पर नजर डाली। उन्होंने समझाया कि अंगूठी उतारकर झोले में रख लेना बेहतर रहेगा, ताकि कोई ठग नजर न लगाए। बुजुर्ग ने कहा कि वे घर जाकर खुद ही अंगूठी उतार लेंगे, लेकिन दोनों ने उन्हें अपनी बातों में उलझाए रखा।
कागज में लपेटकर दिया, झोले में रखी नकली अंगूठी
बातों ही बातों में दोनों ने उनकी उंगली से अंगूठी उतरवा ली। अंगूठी को कागज में लपेटकर झोले में रखने का नाटक किया और कुछ ही पलों में वहां से चलते बने। जब बद्रीनारायण प्रसाद ने झोले में हाथ डालकर कागज खोला तो वे सन्न रह गए। उसमें उनकी असली अंगूठी की जगह दो नकली अंगूठियां रखी हुई थीं। तब तक दोनों युवक गायब हो चुके थे। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, लेकिन आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ठग फरार हो चुके थे।
डेढ़ लाख रुपये की बताई जा रही कीमत
पीड़ित के अनुसार, अंगूठी करीब 10 ग्राम की थी और उसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। इस घटना से वे काफी आहत हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि दिनदहाड़े इस तरह कोई पुलिस बनकर ठगी कर जाएगा।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं, चाहे वह खुद को पुलिसकर्मी ही क्यों न बताए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना थाना को दें।
इसे भी पढ़ें : सोती मां और नहाती मौसी की तस्वीरें खींच भेज दी आशिक को, फिर…

