अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार का शांत इलाका शुक्रवार को अचानक पुलिस की कार्रवाई से गूंज उठा। बारियातु थाना क्षेत्र अंतर्गत मनातु रेलवे स्टेशन के पास घने जंगल में जब पुलिस बल ने घेराबंदी की तो अपराधियों के होश उड़ गए। पलक झपकते ही छह अपराधी हथियार और लेवी की रकम के साथ पुलिस के शिकंजे में आ गए। यह गिरोह लंबे समय से मजदूरों को दहशत में रखकर लूट और वसूली में सक्रिय था। एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि सात अपराधी जंगल में बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हैं। सूचना इतनी पुख्ता थी कि तत्काल बालूमाथ एसडीपीओ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी दल गठित कर जंगल की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन छह दबोच लिए गए। एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
हथियार, मोबाइल और लेवी की रकम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लोडेड 7.62 एमएम पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार मोबाइल फोन और 28,500 रुपये नकद बरामद किए। बरामद मोबाइल मजदूरों से छीने गए थे। जबकि नगद राशि लेवी वसूली से जुड़ी थी।
2 अगस्त के दिन मजदूरों पर हमला कर की थी फायरिंग
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को केईसी लिमिटेड कंपनी के बिजली ट्रांसमिशन कार्य में लगे मजदूरों पर हमला उन्होंने ही किया था। मजदूरों को बुरी तरह पीटा गया और फायरिंग कर दहशत फैलाया गया। मौके पर जेजेएमपी के नाम से पर्चे फेंके गए ताकि सबको लगे कि यह नक्सली कार्रवाई थी। लेकिन जांच ने साफ कर दिया कि यह सब एक संगठित गिरोह की करतूत थी।
गिरफ्तार अपराधियों की नाम और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों में रुपेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, बिनोद गंझू, बादल गंझू, सुनील कुमार यादव और राजगीर गंझू शामिल हैं। सभी चतरा जिले के रहने वाले हैं और इनकी उम्र 19 से 30 वर्ष के बीच है। पुलिस के अनुसार, इनमें से तीन अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है। सुनील यादव पर एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। संजय गंझू (फरार) पर हत्या के प्रयास और लूट समेत कई मामले दर्ज हैं। बादल गंझू टंडवा थाना कांड में नामजद है।
अपराधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई : एसपी
एसपी कुमार गौरव ने साफ कहा कि जिले में लेवी और लूट की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस संगठित गिरोहों को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाएगी।
कांड कर फेंक देते थे JJMP के नाम का पर्चा, छह को पुलिस ने जंगल से दबोचा, लातेहार एसपी कुमार गौरव क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/5JP0ipvQ8H
— News Samvad (@newssamvaad) September 27, 2025
इसे भी पढ़ें : खाते में नहीं आए 10 हजार?? टेंशन नहीं लेने का… इस दिन आ जाएंगे पैसे

