अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 15 अगस्त को सुबह 7 बजे से गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के समापन तक प्रभावी रहेगी। मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे गांधी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सुबह 8:30 बजे तक अपने वाहन पार्क करने की अपील की है।
पार्किंग और प्रवेश की व्यवस्था
समारोह में शामिल होने वालों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों की पार्किंग उद्योग भवन के पास सड़क किनारे होगी। विभिन्न श्रेणियों के लोगों के लिए गांधी मैदान में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं :
- गेट नंबर 1 : राज्यपाल, CM, डिप्टी CM और नेता प्रतिपक्ष।
- गेट नंबर 10 : VVIP अतिथि।
- गेट नंबर 9 : मीडिया कर्मी।
- गेट नंबर 12 और 13 : महिलाएं।
- गेट नंबर 2, 3 और 4 : छात्र।
- गेट नंबर 6 और 7 : आम जनता।
रंगीन पास कार्ड जारी किए गए हैं, जिसमें पीला कार्ड मीडिया के लिए आरक्षित है। इमरजेंसी वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध
कार्यक्रम के दौरान फ्रेजर रोड, न्यू डाकबंगला रोड, बुद्ध मार्ग, जेपी गोलंबर और छज्जुबाग जैसे प्रमुख मार्गों पर आम यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल पासधारी वाहनों को ही गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। आम यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
लावारिस वाहनों पर कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने लावारिस वाहनों को तुरंत क्रेन से हटाने का आदेश दिया है। सभी वाहन चालकों को अपने वाहन के पास रुकने का निर्देश दिया गया है। मालवाहक और व्यवसायिक वाहनों के लिए भी विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। चिरैयाटांड़, मीठापुर, आर ब्लॉक, डुमरा चौकी और भट्टाचार्या चौक जैसे क्षेत्रों में इन वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
ऑटो, ई-रिक्शा और नगर बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए भी निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं, ताकि गांधी मैदान के आसपास यातायात नियंत्रित रहे। नगर बसें भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
पटना ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों से विस्तृत दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इसे भी पढ़ें : पटना एम्स के दो डॉक्टरों के खिलाफ CBI ने दर्ज की FIR… जानें क्यों

