अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी के पास से हथियार, जिंदा गोली और एक बाइक जब्त की गई है। यह गिरफ्तारी मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र से की गई। खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि पकड़े गए उग्रवादी की पहचान सलमान खान के तौर पर की गयी है। वह खलारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से संगठन से जुड़कर काम कर रहा था।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने सलमान खान के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। इन सामानों का इस्तेमाल लेवी वसूली और दहशत फैलाने की घटनाओं में किया जा रहा था।
फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार सलमान खान पर आरोप है कि उसने इसी महीने 16 दिसंबर को खलारी थाना क्षेत्र में लेवी वसूली के मकसद से फायरिंग की थी। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया था।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रमीण एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को उग्रवादियों की पहचान और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि जंगल और पहाड़ी इलाकों में उग्रवादी सक्रिय हैं। इसके बाद लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीपीसी के सब जोनल कमांडर देव जी के दस्ते से जुड़े कुछ उग्रवादी लेवी वसूली के लिए निकलने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक उग्रवादी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल और पहाड़ी इलाकों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
शीर्ष कमांडर से जुड़े होने का दावा
पुलिस का कहना है कि सलमान खान TSPC के शीर्ष कमांडर देवा उर्फ आदिल के सक्रिय दस्ते से जुड़ा हुआ है और संगठन के लिए लेवी वसूली तथा डर फैलाने का काम करता था। छापेमारी टीम में खलारी और मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस के अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने साफ किया है कि फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : TSPC के तीन उग्रवादी धराये, कोयला कारोबारियों से वसूलने पहुंचे थे लेवी

