अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Purnia : कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ रविवार (24 अगस्त) को पूर्णिया में जबरदस्त जनसमर्थन के साथ सम्पन्न हुई। बिहार के विभिन्न जिलों से आए हजारों लोगों ने इस यात्रा में भाग लिया और इसे एक जनआंदोलन का रूप दे दिया।
बेलौरी से हुई यात्रा की शुरुआत
राहुल गांधी की यात्रा की शुरुआत बेलौरी से हुई। वहां से काफिला लाइन बाजार, पंचमुखी मंदिर, रामबाग होते हुए कसबा की ओर बढ़ा और बाद में अररिया के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ राहुल गांधी का स्वागत किया।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने किया नेतृत्व
इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी शामिल रहे। दोनों नेता बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर काफिले का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे सैकड़ों वाहनों और पैदल चल रहे समर्थकों का हुजूम उमड़ा। यात्रा पथ पर कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने सजधज कर स्वागत मंच बनाए थे।
शहर थम गया, लगा घंटों जाम
राहुल गांधी की यात्रा के कारण पूरा पूर्णिया शहर घंटों तक जाम से जूझता रहा। लगभग 5 किलोमीटर लंबी कतार में वाहन और पैदल लोग खड़े दिखाई दिए। कई इलाकों में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने पहले ही जारी की थी एडवाइजरी
जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी की थी। पूर्णिया–महेशपुर–चौंदपुर मार्ग, गुड्डा चौक, जीरो माइल, बेलौरी चौक, फोर्ड चौक, पंचमुखी मंदिर, रामबाग, कप्तान पुल, लाइन बाजार और रजनी चौक समेत कई रास्तों पर सुबह से दोपहर तक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग 131A और पूर्णिया–अररिया मार्ग पर भी यातायात बंद रहा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन को आने-जाने की अनुमति दी गई थी।
बुलेट चलाकर किया अभिवादन
यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने पूर्णिया शहर में मोटरसाइकिल चलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान भीड़ उत्साहपूर्वक उन्हें देखने और हाथ हिलाने के लिए उमड़ पड़ी।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती चप्पे-चप्पे पर की गई थी। अलग-अलग स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही।
इसे भी पढ़ें : साइबर क्रिमिनल्स की बड़ी मददगार पूर्णिमा अरेस्ट, पूरा गिरोह कर रही थी ऑपरेट

