अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में इस बार भी दुर्गा पूजा की रौनक देखते ही बनेगी। करीब 157 छोटे-बड़े पूजा पंडालों में माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित होंगी और शहर चारों ओर भक्ति व उत्साह से सराबोर होगा। इसी तैयारी को लेकर आज यानी बुधवार को महानगर दुर्गा पूजा समिति, जिला दुर्गा पूजा समिति और श्री महावीर मंडल रांची का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल सीएम हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मिला।
समतियों ने जतायी सहयोग की अपेक्षा
बैठक में समितियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी तैयारियों की जानकारी दी और कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी उन्हें राज्य सरकार और जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पूजा समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बना है, जिससे त्योहार बिना किसी व्यवधान के शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो पा रहा है। समितियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बिजली और पानी की आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था लगातार संतोषजनक रही है। इस बार भी इन्हीं अपेक्षाओं के साथ सभी पंडालों में तैयारियां जोरों पर हैं।
सीएम को सपरिवार पंडालों में आने का दिया न्यौता
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों में आमंत्रित किया और उन्हें मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा बनी हुई है कि हर वर्ष पूजा आरंभ होने से पहले समितियों को मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिलता है। यह न केवल उत्साहवर्धक है बल्कि सरकार और समाज के बीच संवाद और साझेदारी की मिसाल भी है। मुख्यमंत्री ने भी मौके पर सभी को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहयोग देगी ताकि दुर्गोत्सव बिना किसी परेशानी के संपन्न हो।

दुर्गा पूजा समितियों को राज्य सरकार का मिलेगा पूरा सहयोग : सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों को भरोसा दिलाया कि सभी दुर्गा पूजा समितियों को पहले की तरह इस साल भी राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गोत्सव के विभिन्न बिंदुओं को मद्देनजर रखते हुए जिला प्रशासन एवं पूजा आयोजन समिति के सदस्य बैठक कर एक बेहतर समन्वय तथा तालमेल बनाते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
रांची को मॉडल सिटी बनाने का संकल्प
बैठक के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने सिर्फ दुर्गा पूजा पर ही नहीं बल्कि शहर के विकास पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि रांची को मॉडल सिटी बनाने के लिए सरकार ठोस कार्ययोजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की स्वच्छता, सुंदरता और जन सुविधाओं पर सरकार लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने इस विकास यात्रा में जनता की सहभागिता को भी जरूरी बताया। उनका मानना है कि शहर तभी निखरेगा जब सरकार के साथ-साथ आम लोग भी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सरकार नई योजनाओं और पहलों के साथ रांची को ऐसी पहचान देगी जिस पर हर झारखंडवासी गर्व कर सके।

ये रहे मौजूद
मौके पर रांची के डीसी मंजुनाथ भजंत्री, डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, महानगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ अजीत सहाय, जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विक्की यादव, महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव, एचईसी दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक सागर कुमार सहित अशोक चौधरी, प्रदीप राय बाबू, रवींद्र वर्मा, शंभू सिंह, समीर सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : जयंती पर याद किया गये दुर्गा सोरेन, सीएम हेमंत ने पत्नी कल्पना संग दी श्रद्धांजलि

