अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड ने एक और बहादुर सपूत खो दिया। देवघर जिला के मधुपुर प्रखंड के कजरा गांव के रहने वाले अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी ने जम्मू-कश्मीर के सियाचिन में देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर जब रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट लाया गया, तो वहां मौजूद हर किसी की आखें नम हो गयीं। माहौल गमगीन हो गया, एक अजीब सा सन्नाटा पसर गया, मानों हवाएं भी शहीद को नमन कर रही हो।
गवर्नर और सीएम ने किया शहादत को सलाम, शहीद को दी श्रद्धांजलि
एयरपोर्ट पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में गवर्नर संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनके शहादत को सलाम किया। सीएम ने कहा… “नीरज चौधरी की शहादत पर पूरे राज्य को गर्व है। उनकी वीरता और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि शहीद की आत्मा को शांति और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति मिले।”
गांव में हर किसी की आंखें नम
शहीद नीरज चौधरी के पैतृक गांव कजरा में मातम का माहौल है। घर-घर में सिर्फ एक ही चर्चा है… “नीरज ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी।” ग्रामीणों का कहना है कि नीरज बचपन से ही देश की सेवा करने का सपना देखते थे। परिवार का गर्व और गांव का गौरव बने नीरज की शहादत ने सभी को गर्व और गम से भर दिया है।
देश की सेवा में मिला अमरत्व
सियाचिन जैसी कठिन परिस्थितियों में तैनाती अपने आप में चुनौती है। ऐसे में वीरगति को प्राप्त हुए नीरज चौधरी उन हजारों जवानों की पंक्ति में शामिल हो गए, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
अंतिम यात्रा की तैयारी
शहीद के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ उनके गांव ले जाया जाएगा, जहां पूरे सैन्य और प्रशासनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के तमाम सदर अस्पतालों के लिए मंत्री इरफान का बड़ा ऐलान… जानें क्या

