अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Madhubani : मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र में बीती देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रामपट्टी-भगवतीपुर मुख्य मार्ग पर भगवतीपुर ईदगाह चौक के पास हुई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में डर का माहौल बन गया।
देर रात हुई वारदात, मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे पुलिस को गोलीबारी की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने युवक को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान लोहरा निवासी रमनजी यादव के रूप में
पुलिस ने मृतक की पहचान भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना गांव निवासी राजू यादव के बेटे रमनजी यादव के रूप में की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि हमलावर कौन थे, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है।
एसपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार, सदर एसडीपीओ सदर वन अमित कुमार और पंडौल थानाध्यक्ष रमण कुमार सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और जांच शुरू कर दी।
आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही पुलिस
एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज था और वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं पुरानी दुश्मनी या विवाद के कारण तो हत्या नहीं की गई।
हालिया विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस को जानकारी मिली है कि बीते कुछ दिनों में मृतक का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस इसे हत्या के संभावित कारणों में मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और गोलीबारी से जुड़े सबूतों को सुरक्षित किया।
संदिग्धों की तलाश में छापेमारी, विशेष टीम गठित
सदर एसडीपीओ वन अमित कुमार के नेतृत्व में मामले की त्वरित जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
इलाके में दहशत, ग्रामीणों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि देर रात सड़क पर ऐसी वारदात से डर बढ़ गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : रांची से सटे इस गांव में भोरे-भोर चली गोलियां, मची खलबली



