अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावली से पहले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने शिक्षा, विवाह और निर्धनता अनुदान के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता राशि को दोगुना करने की मंजूरी दी है। यह निर्णय केंद्रीय सैनिक बोर्ड के माध्यम से लागू की जाने वाली योजनाओं के अंतर्गत होगा और नई दरें 1 नवंबर 2025 से लागू होंगी।
निर्धनता अनुदान में अब पूर्व सैनिकों की विधवाओं और आश्रितों को 4,000 रुपए की जगह 8,000 रुपए प्रति माह दिया जाएगा। यह सहायता उन लाभार्थियों को आजीवन दी जाएगी जिनकी कोई स्थायी आय नहीं है और जो गैर-पेंशनभोगी श्रेणी में आते हैं। शिक्षा अनुदान के तहत दो आश्रित बच्चों या दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम कर रही विधवाओं के लिए राशि 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए प्रति व्यक्ति प्रति माह कर दी गई है।
विवाह अनुदान में भी वृद्धि की गई है। अब यह राशि 50,000 रुपए से बढ़ाकर 1,00,000 रुपए प्रति लाभार्थी हो गई है। यह अधिकतम दो पुत्रियों के विवाह या विधवा पुनर्विवाह के लिए लागू होगी, बशर्ते विवाह आदेश जारी होने के बाद संपन्न हुआ हो।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन नई दरों से वार्षिक लगभग 257 करोड़ रुपए का वित्तीय भार पड़ेगा, जिसे आर्म्ड फोर्सेस फ्लैग डे फंड से वहन किया जाएगा। सभी योजनाएं पूर्व सैनिक कल्याण कोष के तहत संचालित होंगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार विस चुनाव 2025 : तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से भरा पर्चा

