अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के ICU में भीषण आग लग गई। हादसे में 8 मरीजों की मौत हो गई, जिनमें 3 महिलाएं थीं। आग रात करीब 11:20 बजे न्यूरो ICU के स्टोर रूम में लगी, जहां मेडिकल सामान और पेपर रखे थे।
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। उस समय ICU में 11 मरीज थे और बगल वाले ICU में 13। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं भर गया। मरीजों को दम घुटने से जान गंवानी पड़ी।
फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे लगे। खिड़की तोड़कर पानी की बौछार की गई और मरीजों को बेड सहित बाहर सड़क पर शिफ्ट किया गया।
भरतपुर के रहने वाले एक मरीज के परिजन शेरू ने बताया कि आग लगने से 20 मिनट पहले ही धुआं दिखने लगा था। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को बताया लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बाद में जब आग फैल गई, तो वार्ड बॉय भाग गए और परिजनों को खुद ही मरीजों को बाहर निकालना पड़ा।
इस घटना की जांच के लिए सरकार ने 6 सदस्यीय टीम बनाई है। फिलहाल घायल मरीजों का इलाज जारी है और परिजनों को मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर कई सवाल उठ रहे हैं।

